Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
देश भक्तिप्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

जिला में हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान का हुआ शुभारंभ, जिला व तहसील स्तर पर लगाई गई तिरंगा प्रदर्शनी, प्रमुख स्थानों पर बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट

उपायुक्त नेहा सिंह ने 17 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने का किया आह्वान

-तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने की नागरिकों से अपील

सोनीपत, 10 अगस्त। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिला में हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला एवं तहसील स्तर पर तिरंगा प्रदर्शनी लगाई गई हैं तथा शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां आम नागरिक, युवा एवं विद्यार्थी तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करवा रहे हैं।

सरल केंद्रों पर लगाई गई तिरंगा प्रदर्शनी:-

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिला स्तर पर लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र सहित गोहाना, गन्नौर तथा खरखौदा के सरल केंद्रों में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई गई है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं और बड़ी संख्या में लोग इनमें रुचि ले रहे हैं।

सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ फोटो लेकर अभियान से जुड़ रहे नागरिक:-

जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि इन सेल्फी प्वाइंट का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को अभियान से जोडऩा है। नागरिक इन स्थानों पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित कर सकते हैं।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे जिला प्रशासन द्वारा स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ सेल्फी लें और अपनी तस्वीर को हर घर तिरंगा https://harghartiranga.com/selfie पोर्टल पर अपलोड करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि राष्ट्रभक्ति की यह मुहिम जन-जन की भागीदारी के साथ और व्यापक रूप ले सके।

युवा एवं विद्यार्थी बढ़-चढक़र लें भाग:-

उपायुक्त नेहा सिंह ने विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी अभियान से जोडऩे की अपील की।

तिरंगा वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक:-उपायुक्त नेहा सिंह

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान, देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जब जिले के प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और संस्थान पर तिरंगा शान से लहराएगा तो इससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश और अधिक मजबूत होगा।

उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि इस अभियान के दौरान अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं, अभियान की गतिविधियों में भाग लें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिलावासियों की सामूहिक भागीदारी से हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जा सकता है।

13 एवं 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस:-

उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि 13 एवं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विभाजन की पीड़ा और उस दौर के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि सभाएं, अनुभव सांझा कार्यक्रम, संवाद सत्र एवं जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। विभाजन के समय की घटनाओं के प्रत्यक्षदर्शियों तथा उनके परिजनों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा करवाए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी स्वतंत्रता के संघर्ष और विभाजन की त्रासदी से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प ले सके।

स्कूलों एवं कॉलेजों में होंगे व्याख्यान, प्रदर्शनी और प्रतियोगिताएं:-

उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, निबंध, भाषण एवं अन्य जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान के तहत होंगी विविध देशभक्ति गतिविधियां:-

उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के दौरान प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय, प्रतिष्ठान एवं संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही वंदे मातरम् थीम पर देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा बाइक रैली, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं, सेल्फी विद तिरंगा अभियान, सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे की आकर्षक रोशनी एवं सजावट, देशभक्ति आधारित तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष बिक्री एवं वितरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!