Gohanaबीजेपीब्रेकिंग न्यूजराजनीति

अपनों के बीच कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मनाया दीपावली पर्व, धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा भी रहीं साथ

जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी, हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहूंगा : डॉ. अरविंद शर्मा

सोनीपत रोड स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों से की आत्मीय मुलाकात, साझा की त्योहार की खुशियां

गोहाना, (अनिल जिंदल संपादक) 7 नवंबर। दीपावली पर्व के अवसर पर हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ सोनीपत रोड स्थित अपने कार्यालय में क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान दोनों ने लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। कार्यालय में दिनभर आत्मीयता और उत्साह का माहौल रहा।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के बीच रहकर और एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने में है। गोहाना की जनता ने उन्हें हमेशा परिवार के सदस्य की तरह स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद दिया है। यही अपनापन उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद या जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का माध्यम है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि दीपावली हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। त्योहार की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के हर वर्ग और जरूरतमंद परिवार के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे।

उन्होंने कहा कि गोहाना क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। जनता ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर डॉ. रीटा शर्मा ने भी क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारी पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों की डोर को और मजबूत करते हैं। अपनों के बीच त्योहार की खुशियां साझा करना अपने आप में सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि दीपावली हमें अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संदेश देती है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और डॉ. रीटा शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का पावन पर्व हर घर में खुशहाली, नई ऊर्जा और उम्मीदों का प्रकाश लेकर आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!