मई माह में गलत दिशा मे वाहन चलाने के सबसे अधिक चालान, ब्लैक फिल्म के 107 चालान
एडीसी अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी व सुरक्षित स्कूल वाहन पाॅलिसी की बैठक


-एडीसी के निर्देश शहर की सड़कों की क्षतिग्रस्त ग्रील को जल्द से जल्द ठीक करवाए नगर निगम, म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त हुई शिकायतो में सभी संबंधित विभाग समय से दर्ज करे एटीआर
-23 एजेंडा बिंदुओं पर हुई संबंधित विभागों के साथ समीक्षा, आमजन की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन तत्परता के साथ कर रहा कार्य
सोनीपत, 30 जून। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा ने पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो महाराणा प्रताप चौक से ट्रक यूनियन तक की ड्रेन की सफाई को लेकर समन्वय के साथ कार्य करे व सुनिश्चित करें की मानसून सीजन मे सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हों। उन्होंने एनएचएआई व एमवीओ को निर्देश दिए कि वो सयुक्त रूप से मौके पर जाकर एनएच-44 पर गोल्डन हट, टीडीआई व अन्य सभी संबंधित जलभराव के बिंदुओ को चैक करें व सुनिश्चित करें की वहां भविष्य में जलभराव न हो।
लघु सचिवालय के तृतीय तल पर मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी व सुरक्षित स्कूल वाहन पाॅलिसी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा के द्वारा की गई। बैठक के दौरान 23 एजेंडा बिंदुओं पर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मई माह में चालान का विवरण -ः
ओवर स्पीड 26
बिना हेलमेट 411
बिना सीट बेल्ट 267
वाहन चलाते समय मोबइल का प्रयोग 04
शराब पीकर वाहन चलाना 22
नाबालिग द्वारा वाहन चलाना 01
गलत दिशा में वाहन चलाना 640
ब्लैक फिल्म 107
आरटीए 241
बैठक के दौरान एनएच-44 पर अवैध अतिक्रमण, सीआरपीएफ कैंप के पास सड़क पर जलभराव की स्थिति, केजीपी पर अवैध अतिक्रमण व अवैध पार्किंग, केएमपी टौल प्लाजा पर भीडभाड व अवैध अतिक्रमण, शहर मे जाम लगने वाले हाटस्पाॅट जैसे एजेडा पर एडीसी ने एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, एचएसआईआईडीसी व एमसी के अधिकारियों को निर्देश कि वो जल्द जल्द इन समस्याओं का समाधान करें। जिससे आमजन को परेशानी का सामना न करना पडे।
मुरथल, बहालगढ़, कुंडली में बनाए जाने वाले एफओबी से संबंधित एजेंडा पर एडीसी ने एनएचएआई के अधिकारी को निर्देश कि वो सभी एफओबी पर एस्कलेटर जरूर लगवाए। उन्होंने एनएच-44 पर सभी चिन्हित ब्लैकस्पाॅट पर लोहे की ग्रील लगवाने के निर्देश दिए, जिससे सर्विस रोड से गलत तरीके से मुख्य सड़क पर प्रवेश संभव न हो और किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वो म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों के जल्द से जल्द समाधान करे व एटीआर दर्ज करे।
बैठक के दौरान एनएच-334बी पर झरोठ टोल से गलत दिशा में आने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने को लेकर भी पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए व गलत तरीके से बनाए गए बेक्ररों को भी हटाने के निर्देश दिए गए। बहालगढ से सोनीपत जाते समय संबंधित बिंदु पर जलभराव व क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर भी एडीसी अजय चोपडा ने एसएमडीए, एमसी व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
एडीसी अजय चोपड़ा ने शहर की सड़कों की क्षतिग्रस्त ग्रीलों को एमसी के द्वारा ठीक करवाने के निर्देश दिए व शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमणों को मुहीम चलाकर हटाने के निर्देश दिए । शहर मे ड्रेनों की सफाई व रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के नजदीक डालें गए कचरे को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षित स्कूल वाहन पाॅलिसी के तहत संबंधित एसडीएम के द्वारा मई माह में 21 बसों की जांच की गई व चार बसों के चालान भी किए गए। एडीसी ने निर्देश दिए कि सुरक्षित स्कूल वाहन पाॅलिसी के तहत लगातार स्कूल बसों की चैकिंग की जाए व किसी भी प्रकार की कोई कमी पाए जाने पर चालान किए जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए सभी एसडीएम कार्य करें।
इस दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी राजदीप मोर, एमवीओ सचिन ढुल, जीएम रोडवेज संजय कुमार व अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
—



