व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए किया प्रेरित
रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत से ही सफलता संभव : जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार


सोनीपत, 21 जुलाई। जिला रोजगार कार्यालय, द्वारा व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जटोला, में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 68 विद्यार्थियों तथा 4 अध्यापकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगार एवं कैरियर के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 10वीं एवं 12वीं के बाद अपने भविष्य का चयन सदैव अपनी रुचि, योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी अभिरुचि के आधार पर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सफलता केवल कड़ी मेहनत से नहीं, बल्कि सही दिशा में किए गए सतत प्रयासों से प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को रोजगार, कौशल विकास, उच्च शिक्षा तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अवसरों की भी जानकारी प्रदान की गई, ताकि वे समय रहते अपने करियर की उचित योजना बना सकें।
इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी कनव वनायक, प्रधानाचार्य विजेंद्र पाराशर, नीलम तथा विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।




