Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Gohanaब्रेकिंग न्यूज

स्व. सत्या देवी विरमानी की पावन स्मृति में महादेव रिसॉर्ट मे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, संत-महात्माओं व गणमान्य लोगों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

गोहाना, 7 जुलाई । नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी की सास एवं पंजाबी महासभा के अध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी की माताश्री स्वर्गीय सत्या देवी विरमानी की पावन स्मृति में जींद रोड स्थित महादेव रिसॉर्ट में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के प्रसिद्ध रागी भाई चमनजीत सिंह लाल ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि गुरु बख्शनहार होते हैं और वे पलक झपकते ही अपने भक्तों को क्षमा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे गुरु की शरण, सेवा, सिमरन तथा सत्कर्मों में लगाना चाहिए। गुरु के प्रति अटूट विश्वास रखते हुए उनके हर आदेश को सहर्ष स्वीकार करना ही सच्ची श्रद्धा है।

इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक स्थलों से आए संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच पर डेरा गौ कर्ण से बाबा कपिल पुरी, गोहाना के डेरा बाबा लक्ष्मण पुरी से बाबा कमल पुरी, आसन कलां से बाबा सतनाम सिंह जोधका, कलानौर के डेरा सति भाई साईं दास के गद्दीनशीन भाई रामसुख दास, डेरा सत् जीन्दा कल्याणा के भाई कुशाल दास तथा कबीर पंथ से स्वदेश कबीर सहित अनेक संत विराजमान रहे।

श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय सत्या देवी विरमानी के पांचों पुत्र—जोगिंद्र पाल विरमानी, गुलशन विरमानी, सुभाष विरमानी, मंगल विरमानी एवं इंद्रजीत विरमानी—उपस्थित रहे। इस दौरान विरमानी परिवार द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए रोहतक रोड और पार्क रोड स्थित मुक्तिधामों के लिए एक शव वाहन की चाबी भेंट की गई। यह चाबी रक्तदान, नेत्रदान एवं देहदान के लिए समर्पित संस्था ‘आहुति’ की टीम के सदस्यों—सुरेंद्र विश्वास, गुलशन बजाज, वीर मोहन कपूर, सुरेंद्र जुनेजा और बंटी निरंकारी—को सौंपी गई।

कार्यक्रम में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इनमें भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन, बरोदा हलके के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की पत्नी डॉ. रीना शर्मा, कांग्रेस से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं पांच बार के विधायक जगबीर मलिक, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र दहिया, जजपा के तीन बार के विधायक रमेश खटक तथा जय हिंद मोर्चा के संयोजक नवीन जयहिंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!