Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 31 जुलाई को, एईआरओ पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से करें कार्य : एडीसी अजय चोपड़ा

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने 21 एईआरओ की ली बैठक

सोनीपत, 21 जुलाई। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए नियुक्त 21 सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर अभियान के आगामी चरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त करने तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से अपलोड करने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त आंकड़ों के सत्यापन के दौरान जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरणों का मिलान नहीं होगा, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नोटिस प्राप्त करने के बाद संबंधित मतदाता निर्धारित समय के भीतर संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। एईआरओ सभी मामलों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच करेंगे तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार की जा सके।

अजय चोपड़ा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं प्रमाणिक मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से न हटे तथा अपात्र नामों की पहचान भी पूरी निष्पक्षता से की जाए।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए नोटिसों के निस्तारण हेतु आठ स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां संबंधित एईआरओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर नोटिस प्राप्त करेंगे तथा आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इनमें बीडीपीओ कार्यालय गोहाना, बीईओ कार्यालय गोहाना, राजकीय कन्या महाविद्यालय गोहाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़वासनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बारोटा, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां, गुरुकुल स्कूल, खानपुर कलां तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिधल शामिल हैं।

बैठक में एसआईआर अभियान से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रक्रियाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया व संयुक्त आयुक्त नगर निगम मीतू धनखड़ भी मौजूद रही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!