Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं : जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल

चीनी की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रहेगी कड़ी नजर, 5 टीमों का गठन

 

सोनीपत, 21 अगस्त। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक श्री राजेश्वर मुदगिल ने आमजन को आश्वस्त किया है कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा चीनी की बढ़ी कीमतों को लेकर आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चीनी की उपलब्धता एवं बाजार में इसकी बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने बताया कि यदि कोई व्यापारी चीनी की कालाबाजारी अथवा जमाखोरी करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चीनी की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला में 5 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके-अपने क्षेत्रों में चीनी की कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए चेकिंग एवं निरीक्षण हेतु नियुक्त किया गया है।

श्री राजेश्वर मुदगिल ने कहा कि गठित टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में बाजारों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करेंगी तथा चीनी के स्टॉक और बिक्री की स्थिति पर नजर रखेंगी। यदि जांच के दौरान किसी व्यापारी द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी की जाती पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिले के सभी व्यापारियों से अपील की कि वे चीनी का अनावश्यक भंडारण अथवा कालाबाजारी न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और आवश्यकता से अधिक चीनी का भंडारण न करें।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने दोहराया कि जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है और प्रशासन आमजन को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!