महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज होगा मजबूत : डॉ. रीटा शर्मा
स्वयं सहायता समूहों की बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश, आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने का आह्वान

गोहाना, 2 अगस्त। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं को स्वरोजगार और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रहे हैं। यह बात डॉ. रीटा शर्मा ने रविवार को गोहाना में आयोजित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि महिलाओं को संबोधित करते हुए कही।
डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पूरे परिवार को मजबूत आधार देती है। आज महिलाएं सिलाई, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, पशुपालन सहित अनेक स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी आजीविका को और मजबूत करें।
बैठक में डीपीएम अजय कुमार ने गोहाना हलके में गठित स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों और समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। समूहों से जुड़कर महिलाएं अपने स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। भाजपा नेता कुलदीप कौशिक ने भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं में आगे बढ़ने की क्षमता और इच्छाशक्ति की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन देने की। उन्होंने महिलाओं से समूहों की गतिविधियों को और विस्तार देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, इस दौरान समूह की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, नई आजीविका गतिविधियों से जुड़ने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया गया।




