सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के अवसर पर गांधी चौक पर चला स्वच्छता अभियान
चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली और मेयर राजीव जैन ने स्वयं झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया उन्हें नमन


सोनीपत,(अनिल जिंदल) 02 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित गांधी चौक पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली तथा सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने सहभागिता करते हुए स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान गांधी चौक परिसर की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की भी सफाई की गई तथा चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली और मेयर राजीव जैन ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : मोहनलाल बड़ौली
चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश दिया था। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान में श्रमदान करना उनके विचारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छ और सुंदर शहर का संकल्प साकार होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वच्छ सोनीपत के लिए जनभागीदारी जरूरी : मेयर राजीव जैन
मेयर राजीव जैन ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केवल अभियान के दौरान सफाई करने से ही स्वच्छता का लक्ष्य पूरा नहीं होगा, बल्कि हमें रोजमर्रा के जीवन में भी स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर न डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग रखें तथा अपने आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सोनीपत केवल प्रशासन का लक्ष्य नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक का साझा संकल्प होना चाहिए।
इस मौके पर महामंत्री तरुण देवीदास, नगर निगम पार्षद सुरेंद्र मदान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।




