EducationGohanaबीजेपीबीपीएस महिला विश्वविद्यालय खानपुरब्रेकिंग न्यूजराजनीति

समय के साथ कदमताल कर आगे बढ़ें बेटियां : मीना परमार

हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बीपीएसएमवी की छात्राओं से किया संवाद

?????????????
oplus_2097152

खानपुर कलां / गोहाना, 8 अक्टूबर 2026। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में आज हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती मीना परमार ने छात्राओं से संवाद किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। संवाद के दौरान छात्राओं को आत्मविश्वास, धैर्य, शिक्षा, तकनीक के सदुपयोग तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

छात्राओं को संबोधित करते हुए श्रीमती मीना परमार ने कहा कि बेटियों को न डरने और न दबने की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के उजियारे से अंधकार को दूर किया जा सकता है और शिक्षित महिला न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करती है।

उन्होंने कहा कि भगत फूल सिंह जी और बहन सुभाषिणी के शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए त्याग और समर्पण का प्रकाश आज पूरे विश्व में फैल रहा है। एक समय था जब बेटियों के लिए शिक्षा प्राप्त करना आसान नहीं था, लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। आज छात्राओं के लिए शिक्षा और विकास के अनेक अवसर उपलब्ध हैं तथा सरकार भी बेटियों के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।

श्रीमती मीना परमार ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का रास्ता बेटियों के माध्यम से होकर गुजरता है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें। आज साधनों की कोई कमी नहीं है, इसलिए बेटियों को उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों का स्मरण कराते हुए कहा कि हमारे समाज और देश के प्रति कुछ कर्तव्य हैं, जिन्हें हमें हमेशा याद रखना चाहिए और उनका ईमानदारी से निर्वहन भी करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि समय के साथ कदमताल करते हुए नई तकनीक और बदलती परिस्थितियों को समझें तथा अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करें।

मोबाइल फोन और तकनीक के उपयोग के संबंध में उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि तकनीक हमारे विकास का महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन इसका गलत या अत्यधिक उपयोग नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने छात्राओं से मोबाइल का सदुपयोग करने तथा तकनीक को अपनी शिक्षा, ज्ञान और व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की स्थापना ही महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के महान उद्देश्य को लेकर हुई थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां केवल अपने भविष्य का निर्माण नहीं कर रहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी दिशा दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा विश्वविद्यालय के गौरव को और ऊंचाइयों तक ले जाएं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष के साथ संवाद किया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं प्रश्न साझा किए।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव , कार्यक्रम सयोंजिका छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो श्वेता सिंह , उप छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो जगदीप सिंगला , निदेशक जनसंपर्क लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ अनिल बल्हारा, बी जे पी जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज , राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब , आजाद मेहरा , किरण बाला, हरदीप सिंह, मनदीप सिंह व विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक गण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!