त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी रखें संबंधित अधिकारी: एसडीएम सुभाष चन्द्र
पनीर, मक्खन और घी के सैंपलों की जांच पर रहेगा विशेष फोकस, बड़े सप्लायरों पर रखी जाएगी विशेष नजर, खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 0130-2981881 पर करें संपर्क

सोनीपत, 13 अक्टूबर। एसडीएम सुभाष चंद्र ने निर्देश दिए कि त्योहारों के सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी विशेष निगरानी रखें। एसडीएम सुभाष चन्द्र की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में खाद्य सुरक्षा से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीएम ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए निरंतर निगरानी रखने, सैंपलिंग प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा बड़े सप्लायरों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच एवं निगरानी को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला क्षेत्र को दो जोन में विभाजित किया गया। इनमें सोनीपत-1 जोन के अंतर्गत सोनीपत, राई, कुंडली और गन्नौर को शामिल किया गया है, जबकि सोनीपत-2 जोन में खरखौदा, गोहाना और खानपुर कलां को शामिल किया गया है। इन दोनों जोन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट की रोकथाम के लिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
एसडीएम सुभाष चन्द्र ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उनकी गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से पनीर, मक्खन और घी के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करने पर जोर दिया। साथ ही, बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले सप्लायरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि मिलावट की आशंका को दूर किया जा सके और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय सतर्कता बरतें और भोजन की शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि खान-पान में लापरवाही स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है, इसलिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जागरूक रहना आवश्यक है। बैठक में कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उर्वरकों (फर्टिलाइजर) और कीटनाशकों (पेस्टिसाइड्स) के उचित उपयोग पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने जोर दिया कि कृषि में उर्वरकों और कीटनाशकों का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा एवं उचित तरीके से किया जाना चाहिए। इस संबंध में कृषि विभाग के उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि विभाग की ओर से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके तहत रासायनिक कीटनाशकों के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा के प्रति गंभीरता से कार्य करें और आपसी समन्वय के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है तथा इस दिशा में नियमित निगरानी और जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।खाद्य पदार्थों से संबंधित किसी भी सुझाव या शिकायत के लिए आमजन टोल फ्री नंबर 0130-2981881 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अलंकृिता गेरा, एफएससो डॉ. बिरेन्द्र सिंह, जिला प्रोग्राम अधिकारी प्रवीण मलिक, सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



