खेलो इंडिया संवाद: राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रधानमंत्री युवाओं से करेंगे संवाद, 27 अगस्त को जिला के चार प्रमुख शिक्षण संस्थानों में होगा आयोजन
युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद का मिलेगा अवसर
-खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर साझा किए जाएंगे विचार एवं सुझाव
सोनीपत, 25 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को जिले के चार संस्थानों में किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन डॉ. बी. आर. अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, जी.वी.एम. गर्ल्स कॉलेज सोनीपत तथा सी.आर.ए. कॉलेज सोनीपत में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करने का अवसर मिलेगा। युवा खेलों में उपलब्ध अवसरों, खेल पारिस्थितिकी तंत्र के विकास, देश में विकसित हो रहे खेल अधोसंरचना तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा कर सकेंगे।
स्थानीय खिलाड़ियों से भी होगा सीधा संवाद
‘खेलो इंडिया संवाद’ के अंतर्गत युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं के साथ सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा। युवा खिलाड़ी अपने अनुभव साझा करने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल अधोसंरचना तथा देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा करेंगे।
खेल के साथ युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। इस दौरान युवाओं की विचारधारा, सुझावों एवं आकांक्षाओं को जानने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। युवाओं को अपने सुझाव मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाने तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक तथा स्थानीय युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
कार्यक्रम युवाओं में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।



