विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु गोहाना में शिक्षकों की अहम बैठक आयोजित


गोहाना, 28 जुलाई(अनिल जिंदल)। खंड गोहाना, मुंडलाना और कथुरा के विज्ञान विषय के अध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन नालंदा वर्ल्ड स्कूल, गोहाना में किया गया। इस बैठक में विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विज्ञान अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी गोहाना श्री बलजीत सिंह गहलावत, खंड शिक्षा अधिकारी कथुरा श्री लवल किशोर तथा खंड शिक्षा अधिकारी मुंडलाना श्री राम तीरथ हुडा ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सोनीपत से जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्री सुरेंद्र सिंह गहलावत तथा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से श्री गौरव कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्री सुरेंद्र सिंह गहलावत ने अपने संबोधन में सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे साइंस सेमिनार, साइंस एग्जीबिशन एवं इंस्पायर अवार्ड में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला स्तर पर आयोजित होने वाली साइंस क्विज और साइंस निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में CBSE एवं हरियाणा बोर्ड के विद्यालयों की अधिकतम सहभागिता पर भी जोर दिया।
वहीं श्री गौरव कपूर ने एनएमएमएस (राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति) योजना के अंतर्गत कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के अधिक से अधिक पंजीकरण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पोर्टल प्रारंभ होने के साथ ही सभी विद्यालय समय रहते विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन करवाएं। इसके अतिरिक्त एनएमएमएस परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों के लिए फ्रेश एवं रिन्यूअल रजिस्ट्रेशन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए, ताकि सरकार द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्ति समय पर प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंच सके। साथ ही पोर्टल से संबंधित तकनीकी समस्याओं के समाधान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर नालंदा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री सुभाष यादव, प्राइमरी विंग प्रमुख श्रीमती अनुपमा सहित देवेंद्र सांगवान, प्रदीप, कमलेश, काजल, सविता, अलका, अंजू, मनोज, विनीता, ऋतू आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।



