प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

एनएच 44 पर अवैध कट व ब्लैक स्पॉट को लेकर एनएचएआई व पुलिस विभाग संयुक्त विजिट कर प्रस्तूुत करें रिपोर्टं – उपायुक्त नेहा सिंह

लघु सचिवालय में उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक

-कुंडली, रसोई, बहालगढ़ में एफओबी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, केएमपी टोल पर अतिक्रमण हटाकर सभी टोल लेन शुरू करने के निर्देश

-अगस्त माह में सबसे अधिक चालान ओवरस्पीड 889 के, ड्रंकन ड्राइव के हुए 13 चालान

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 30 सितंबर। लघु सचिवालय में बुधवार को उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला में यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, अतिक्रमण, सड़कों पर जलभराव तथा सड़क निर्माण से संबंधित व चालान जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त नेहा सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुलिस विभाग के साथ मिलकर जिला के राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े ब्लैक स्पॉट एवं अवैध कटों का संयुक्त निरीक्षण करें और इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार के अवैध कट नहीं होने चाहिए। यदि कहीं ब्लैक स्पॉट चिन्हित होता है तो वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

कुंडली,रसोई, बहालगढ़ क्षेत्र में बनाए जा रहे एफओबी को लेकर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि सभी एफओबी के निर्माण कार्यों को पूरा करने की डेडलाइन दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है और कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाएगा। उपायुक्त ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं बिस्वामिल चौक पर अवैध अतिक्रमण के संबंध में भी एनएचएआई अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि बिस्वामिल चौक पर स्लिप रोड के निर्माण के लिए सभी आवश्यक कार्य लगभग पूर्ण कर लिए गए है।

केएमपी टोल पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम को लेकर उपायुक्त ने एचएसआईआईडीसी के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटवाते हुए सभी टोल लेन शुरू की जाएं, ताकि वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। वहीं केजीपी रोड व कएमपी पर अवैध अतिक्रमण एवं अन्य समस्याओं को लेकर डीईटीसी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तत्काल कार्यवाही करने को कहा गया।

बैठक में अगस्त माह में यातायात नियमों की उल्लंघना पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस विभाग द्वारा ओवरस्पीड के 889, बिना हेलमेट के 450, बिना सीट बेल्ट के 369, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने के 7, ड्रंकन ड्राइव के 13, अंडरएज ड्राइविंग के 2, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 762 तथा ब्लैक फिल्म के 279 चालान किए गए। वहीं आरटीए विभाग द्वारा 249 चालान किए गए।

उपायुक्त नेहा सिंह ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में संबंधित एसडीएम को सूचना भेजी जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहन चालकों के तीन महिने के लिए लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीड के मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते।

नगर निगम के अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लिटिल एंजल स्कूल की ओर जाने वाली गली में किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा शहर की सड़कों की स्ट्रीट लाइट, कचरा डंपिंग प्वाइंट्स तथा ड्रेन से संबंधित समस्याओं पर भी नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

एनएच-44 पर जलभराव की समस्या को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि जीटी रोड के आसपास स्थित कुछ सोसायटियों के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर उपायुक्त ने आरओ पॉल्यूशन तथा डीटीपी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई और सभी सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

बहालगढ़-सोनीपत रोड की क्षतिग्रस्त स्थिति को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार गेटवे-टू-ओमक्श सिटी रोड की खराब स्थिति को लेकर भी एसएमडीए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त ने खरखौदा में अवैध विज्ञापन बोर्डों के मामले में एमसी खरखौदा को जांच करने तथा जल्द से जल्द उपायुक्त कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। महाराणा प्रताप चैक से ट्रक यूनियन तक ड्रेन से संबंधित समस्या को लेकर भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे स्कूल बसों की चेकिंग अभियान में तेजी लाएं और नियमित रूप से स्कूल वाहनों की जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी स्कूल बस में पॉलिसी के नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित वाहन के खिलाफ तत्काल प्रभाव से नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्कूल संचालकों को भी सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अगस्त माह में जिले में 40 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें नियमों की उल्लंघना पाए जाने पर 7 बसों के चालान किए गए।

उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध करवाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र, ट्रैफिक एसीपी नरेश अहलावत, रोडवेज जीएम संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!