Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
पौधरोपणप्रशासनबीजेपीब्रेकिंग न्यूजराजनीतिसोनीपत

हरियाणा को हरा-भरा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी-चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली

77वें वन महोत्सव के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैदपुर व आईएमटी खरखौदा में आयोजित हुआ पौधारोपण कार्यक्रम

-एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुडक़र पर्यावरण संरक्षण में निभाएं भागीदारी

खरखौदा(सोनीपत), 07 अगस्त। 77वें वन महोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैदपुर व आईएमटी खरखौदा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली व विधायक पवन खरखौदा ने पौधारोपण किया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को हराभरा बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी होगी। जब तक पौधा वृक्ष नहीं बन जाता, तब तक उसकी जिम्मेदारी भी उसी व्यक्ति की होनी चाहिए जिसने उसे लगाया है।

एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं:-

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुडक़र प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां, पिता, दादा-दादी अथवा परिवार के किसी प्रिय सदस्य के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाए। इससे लोगों का पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा और उनकी देखभाल भी बेहतर ढंग से होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और बदलता पर्यावरण आज पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में अधिक से अधिक पौधारोपण ही स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सोनीपत जिला राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के निकट होने के कारण यहां प्रदूषण की चुनौती अधिक है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण कर सकता है। पौधारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहेगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को भी स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन मिलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाते हुए प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं

पेड़ हैं धरती का श्रृंगार, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो भविष्य भी सुरक्षित रहेगा: विधायक पवन खरखौदा

विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि पेड़-पौधे धरती का श्रृंगार हैं। हरियाली से ही प्रकृति की सुंदरता बढ़ती है और पर्यावरण संतुलित रहता है। यदि आज हम अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ हवा, पर्याप्त जल और बेहतर पर्यावरण मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी खाली स्थान उपलब्ध हो, चाहे वह घर का आंगन हो, विद्यालय, मंदिर, धर्मशाला, चौपाल या सार्वजनिक स्थल, वहां पौधारोपण अवश्य करें।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो हरियाणा आने वाले वर्षों में देश के सबसे हरित राज्यों में शामिल हो सकता है।

उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं तथा पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान और अधिक प्रभावी बन सकेगा। कार्यक्रम में वन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

वन महोत्सव कार्यक्रम में खरखौदा नगर पालिका अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा, खरखौदा मंडल अध्यक्ष नरेश पाराशर, जिला वन अधिकारी,आईएफएस रेणु बाला, रेंज फोरेस्ट ऑफिसर पवन मलिक, जिला कॉडिनेटर वन विभाग श्यो प्रसाद, एचआर यूनो मिंडा विजय दहिया, सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा सैकड़ो की संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!