Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Educationब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीपत के इंडक्शन कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों को मिला सफलता और व्यक्तित्व विकास का मंत्र

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं ने अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी-सुशील मलिक

-तकनीकी शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों एवं व्यवहारिक कौशल विकसित करने पर दिया गया विशेष जोर

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 04 अगस्त। राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीपत में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, जीवन मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा रोजगारोन्मुख कौशल से परिचित कराना था। दूसरे दिन विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए तथा उन्हें सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि जॉर्जिया से पहुंचे सफल उद्यमी सुशील मलिक कहा कि वास्तविक सफलता केवल आर्थिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलन स्थापित करने से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक स्वास्थ्य तथा वित्तीय स्वास्थ्य समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। इन चारों क्षेत्रों में संतुलित विकास ही एक सफल एवं संतुलित व्यक्तित्व का आधार बनता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का 3-डी मंत्र—डिसिप्लिन, डायरेक्शन और डेडिकेशन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, सही दिशा और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण हो, तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं रहती। उन्होंने समय के सदुपयोग, निरंतर सीखने की आदत विकसित करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।

कार्यक्रम परिवहन विभाग के उप-निदेशक विकास नरवाल ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के महत्व, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता तथा रोजगार के बदलते अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, संवाद कौशल, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षाविद एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. जेपी दलाल ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी निरंतर सीखने की इच्छा रखते हैं और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वे निश्चित रूप से जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। उनके प्रेरणादायक विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया।

इसके पश्चात संस्थान के प्राचार्य प्रवेश सांगवान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चार दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, तकनीकी शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, नवाचार एवं रोजगारपरक अवसरों से परिचित कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपने करियर, उच्च शिक्षा, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यवहारिक एवं प्रेरणादायक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अतिथियों के अनुभवों एवं प्रेरक विचारों के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष (एलाइड साइंस) सुशील किरण, वरिष्ठ प्राध्यापक कुलदीप गुलिया, सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!