एसआईआर-2026: तीन हजार 98 लंबित सुनवाई मामलों का 28 अक्टूबर तक किया जाएगा निस्तारण -डीईओ एवं उपायुक्त नेहा सिंह
विशेष शिविरों व घर-घर सर्वे के दौरान 3811 मामलों की हुई सुनवाई, पात्र मतदाता बीएलओ को जमा करवाएं आवश्यक दस्तावेज

सोनीपत, 09 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिला में 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक आयोजित विशेष शिविरों एवं घर-घर सर्वे के दौरान 3811 लंबित मामलों की सुनवाई की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिसों और सुनवाई के मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और राजनीतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां संबंधित राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई हैं।
उन्होंने बताया कि सोनीपत में अब तक कुल 3098 सुनवाई मामले लंबित हैं, जिनका निस्तारण 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक अपने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे जल्द से जल्द अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को दस्तावेज उपलब्ध करवाएं, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।




