‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गोहाना में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश


गोहाना,(अनिल जिंदल), 18 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन श्रीमती रजनी विरमानी ने शुक्रवार को भगवान परशुराम चौक से नई सब्जी मंडी होते हुए गोहाना-सोनीपत रोड तक चलाए गए विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों पर विशेष रूप से सफाई करवाई जाए। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
नगर परिषद की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, स्वच्छता जागरूकता सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के सचिव सुंदर लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



