वेलकम फाउंडेशन ने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को शिविर के लिए दिया निमंत्रण

गोहाना, 01 अक्टूबर । वेलकम फाउंडेशन वेलफेयर सोसायटी, गोहाना द्वारा समाजसेवा एवं जनकल्याण की भावना से संचालित ‘नेत्र शक्ति’ प्रोजेक्ट के अंतर्गत रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे शिवाला मस्तनाथ मंदिर पुरानी सब्जी मंडी गोहाना में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में शामिल होने के लिए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को संस्था की ओर से निमंत्रण दिया गया।
इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें आंखों से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक करना है। शिविर के माध्यम से लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन संबंधी सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था इकाई अध्यक्ष इंद्रजीत गोयल ने बताया कि वेलकम फाउंडेशन समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘नेत्र शक्ति’ प्रोजेक्ट इसी सेवा भावना का हिस्सा है, जिसके माध्यम से लोगों को बेहतर दृष्टि और स्वस्थ जीवन की दिशा में सहयोग दिया जा रहा है।
इस अवसर पर के.सी. शर्मा, इकाई अध्यक्ष इंद्रजीत गोयल, ऑब्जर्वर रामपाल दहिया, उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र रोहिल्ला, नगर ग्राम पंचायत के सरपंच प्रवीण खुराना (जस्सी), युवा भाजपा नेता कुलदीप कौशिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वेलकम फाउंडेशन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे इस जनसेवा अभियान में सहयोग करें तथा जरूरतमंद व्यक्तियों तक शिविर की जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का लाभ उठा सकें।




