सोनीपत, 9 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वाधान में मेरा युवा भारत 15 अगस्त तक युवा पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास तथा विभिन्न युवा अवसरों से जोड़ना है।
सोनीपत की उपनिदेशक रितु रानी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों , विश्वविद्यालयों, युवा मंडलों तथा अन्य शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में विशेष पंजीकरण शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा स्वयं माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करें और अपने मित्रों, परिवारजनों एवं अन्य युवाओं को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा www.mybharat.gov.in पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के पश्चात युवाओं को विभिन्न स्वयंसेवी गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, राष्ट्रीय अभियानों, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास तथा अन्य विकासात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।
उपनिदेशक रितु रानी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा नागरिकों से इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि जिले के युवा राष्ट्र निर्माण की इस महत्वपूर्ण पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।




