31 जुलाई को प्रकाशित होगी राई विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची
एसआईआर गतिविधियों को लेकर एईआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण


-नोटिस वितरण एवं निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध ढंग से करें पूर्ण-डीडीपीओ मनीष मलिक
सोनीपत, 30 जुलाई। राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक ने बताया कि गुरूवार को लघु सचिवालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत पोस्ट एसआईआर गतिविधियों के सफल एवं समयबद्ध संचालन को लेकर सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ), सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नोटिस जनरेशन, नोटिस वितरण, दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण, सुनवाई प्रक्रिया तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान निर्देश दिए गए हैं कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी निर्वाचन संबंधी गतिविधियों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को राई विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनके निस्तारण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी एईआरओ एवं सुपरवाइजर अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में नोटिस वितरण, सुनवाई एवं निस्तारण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। जहां कहीं भी किसी प्रकार की समस्या सामने आए, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कानूगो पूजा शर्मा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें। प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्षता से परीक्षण किया जाए तथा पात्र मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ा प्रत्येक कार्य लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रैनर मेजर संजय श्योराण ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी तथा पोस्ट एसआईआर गतिविधियों के प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में नोटिस वितरण कार्य में और अधिक तेजी लाएं। प्रत्येक नोटिस समय पर संबंधित मतदाता तक पहुंचे तथा नोटिस देते समय आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की पूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपने पास जारी किए गए नोटिसों का अद्यतन रिकॉर्ड रखे तथा उसकी नियमित रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे।




