शिकायतकर्ता की शिकायतों का गंभीरता से अवलोकन कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : सुरेंद्र दून
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश


सोनीपत, 20 अगस्त। सोनीपत लघु सचिवालय में गुरुवार को आयोजित हुए समाधान शिविर की अध्यक्षता पीजीआई खानपुर के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून ने की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अवलोकन करते हुए उसका नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सुरेंद्र दून ने कहा कि समाधान शिविर मुख्यमंत्री की जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई एवं समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी नियमित मॉनिटरिंग करें और निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें।
समाधान शिविर के दौरान 15 शिकायतें प्राप्त हुई।जिसमें राजस्व ,शिक्षा, चिकित्सा, बिजली,फैमिली आईडी और पेंशन से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गई। सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए सुरेंद्र दून ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समाधान जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों में मुख्य तौर से गांव गुहणा से नवनिर्मित नहरी पानी के नाले (खाल) का लेवल ठीक ढंग से करवाने, गांव राई से किसी प्राइवेट कंपनी द्वारा प्रदूषण फैलाने, गांव कैलाशपुर में एचएसवीपी की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, ग्राम पंचायत नाहरी में कृषि ट्यूबवेलों की विद्युत लाइन में न्यूट्रल तार न होने व कृषि भूमि पर अवैध प्लॉट काटने, राज मोहल्ला कॉलोनी से बीपीएल राशन कार्ड धारक ने मकान बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल लाभ प्राप्त करने, गांव गढ़ी ब्राह्मणान से जर्जर व पुरानी तार बदलवाने की शिकायत दर्ज कराई।
अन्य शिकायतों में सेक्टर 9 में एचएसवीपी की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने व खेतों के लिए अवैध बिजली कनेक्शन में ट्रांसफार्मर को तुरंत हटवाने, गांव देवडू से गलत बिजली बिल को ठीक करवाने, गांव गढ़ी ब्राह्मणान से कम वोल्टेज व क्षतिग्रस्त सर्विस तार को बदलवाने, गांव भुर्री से ग्राम पंचायत की सार्वजनिक जोहड़ व पंचायती भूमि की पैमाइश करवाने तथा निजी विद्युत ट्रांसफार्मर के वैधानिक स्थिति की जांच करवाने, सेक्टर 26 से किसी प्राइवेट कंपनी के द्वारा शिकायतकर्ता को परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके अलावा रुकी हुई पेंशन को फिर से चालू करवाने, विकलांग पेंशन बनवाने, तथा फैमिली आईडी से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए पीजीआई खानपुर के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आमजन को समयबद्ध राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य सफल हो।
इस अवसर पर एसीपी अमित, डीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




