कांवड़ियों की सेवा करना सौभाग्य की बात : डॉ. अरविंद शर्मा
गोहाना में नंदी गौशाला, सैनीपुरा सेवा समिति और ट्रक यूनियन के कांवड़ सेवा शिविरों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री


गोहाना,(अनिल जिंदल) 9 अगस्त। सावन के पावन माह में कांवड़ लेकर हरिद्वार से लौट रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए गोहाना में लगाए गए विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों में रविवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा पहुंचे। उन्होंने नंदी गौशाला, सैनीपुरा सेवा समिति तथा ट्रक यूनियन, परशुराम चौक सहित अन्य स्थानों पर लगाए गए सेवा शिविरों का दौरा कर कांवड़ियों की सेवा की और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भगवान भोलेनाथ की भक्ति में दूर-दराज से हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा समाज के सभी वर्गों का इसमें उत्साहपूर्वक सहयोग करना आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
मंत्री ने सेवा शिविरों में कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने आयोजकों और सेवादारों द्वारा दिन-रात की जा रही सेवा की सराहना करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई सेवा समाज को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने शिवभक्तों की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रदेश में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों और आम लोगों द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों का उत्साह बढ़ाया और उनकी सेवाभावना को नमन किया ।
इस अवसर पर मोनू पांचाल, अशोक, मनजीत, अशोक चहल महेंद्र सेनी, पंकज सैनी, कर्मबीर सैनी, मुकेश सैनी, राजेश गोयल, विनय जिंदल, ओमप्रकाश गोयल, राजेश गुप्ता, कृष्ण गोयल, राजू कश्पय, पंकज गर्ग आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सेवादार और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




