राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत किसान 8 सितंबर तक खरीदें धान की सीधी बिजाई मशीन
सोनीपत में 112 किसानों के आवेदन प्राप्त, 105 किसानों को दस्तावेज सही पाए जाने पर मिली स्वीकृति
सोनीपत, 19 अगस्त। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना 2026-27 के तहत किसानों को धान की सीधी बिजाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा धान की सीधी बिजाई मशीन (डीएसआर मशीन) पर अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषि विभाग के पोर्टल पर जिले के किसानों से धान की सीधी बिजाई मशीन के लिए कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए किसानों को स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया है। इनमें से 105 किसानों के दस्तावेज पोर्टल पर सही पाए जाने के बाद उन्हें अप्रूवल प्रदान कर दी गई है। पात्र किसान अब विभागीय पोर्टल पर अपने फार्मर लॉगिन के माध्यम से परमिट डाउनलोड कर सकते हैं।
8 सितंबर तक खरीदनी होगी डीएसआर मशीन
डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि जिन किसानों को योजना के तहत स्वीकृति प्रदान की गई है, वे 8 सितंबर तक धान की सीधी बिजाई मशीन खरीदना सुनिश्चित करें। किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत डीलर से मशीन की खरीद कर सकते हैं तथा खरीद के बाद संबंधित डीलर के माध्यम से बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवाना होगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते मशीन की खरीद एवं बिल अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें योजना के तहत मिलने वाले अनुदान का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
धान की सीधी बिजाई से पानी और लागत की होगी बचत
उप निदेशक ने बताया कि धान की सीधी बिजाई तकनीक किसानों के लिए कई दृष्टियों से लाभकारी है। इससे पानी की बचत, खेती की लागत में कमी और श्रम की आवश्यकता को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही, फसल अवशेष प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को आधुनिक एवं जल संरक्षण आधारित कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहा है। डीएसआर तकनीक को बढ़ावा देना प्रदेश में पानी की बचत और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




