Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

करनाल से शुरू हुआ ‘दिशा’ मोबाइल जागरूकता अभियान पहुंचा सोनीपत, मोबाइल वैन से दी जा रही कानूनी अधिकारों व निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

टेली-लॉ, निःशुल्क कानूनी सहायता और डिजिटल न्याय सेवाओं के प्रति आमजन को किया जा रहा जागरूक, नजदीकी सीएससी सेंटर पर मिलेगी टेली-लॉ सेवा

 

सोनीपत, 19 अगस्त। आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्यायिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा में शुरू किया गया राज्यव्यापी ‘दिशा मोबाइल जागरूकता अभियान’ मंगलवार को सोनीपत के बहालगढ़ पहुंचा।भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग तथा सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संचालित इस अभियान की शुरुआत 4 अगस्त को करनाल से हुई थी। अभियान के तहत मोबाइल वैन के माध्यम से लोगों को टेली-लॉ, निःशुल्क कानूनी सहायता, कानूनी अधिकारों और डिजिटल न्याय सेवाओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी जा रही है।

सीएससी के टेली-लॉ विभाग के स्टेट कोऑर्डिनेटर मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। मोबाइल वैन में लगी एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से आमजन को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

सीएससी के जिला प्रबंधक शशि कान्त कौशिक ने कहा कि जानकारी के अभाव में अनेक लोग अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते। ‘दिशा’ मोबाइल जागरूकता अभियान ऐसे नागरिकों को न्याय व्यवस्था से जोड़ने तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि कानूनी सलाह प्राप्त करने के लिए आमजन अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर टेली-लॉ सेवा का लाभ उठा सकते हैं। सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा अपने सभी सीएससी सेंटरों के माध्यम से टेली-लॉ सेवा आमजन को बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही इस महत्वपूर्ण सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!