चेयरमैन बनने के बाद पहली बार गोहाना पहुंचे मोहन लाल बड़ौली, भव्य नागरिक अभिनंदन से गूंजा गोहाना
ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच हुआ जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने फूल-मालाओं और साफा पहनाकर किया अभिनंदन


गोहाना, 9 अगस्त। हरियाणा राज्य ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के नवनियुक्त चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के चेयरमैन बनने के बाद पहली बार गोहाना आगमन पर बरोदा चौक स्थित बजाज पैलेस में विशाल नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर बड़ौली का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें साफा पहनाकर सम्मानित भी किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नई जिम्मेदारी मिलने पर बड़ौली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का भरोसा
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने शीर्ष नेतृत्व, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, जनकल्याण और सार्वजनिक उपक्रमों को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में वे अपना पूरा योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और नागरिकों द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए केवल स्वागत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारी को और अधिक ऊर्जा के साथ निभाने की प्रेरणा है।
‘कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत’
बड़ौली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यकर्ताओं और आम जनता के सहयोग से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का स्नेह ही जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा रिचा पाहवा, इंद्रजीत विरमानी, नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी, मनोनीत पार्षद बलराम कौशिक, आजाद नहरा, बुटाना मंडल भाजपा अध्यक्ष राजेश भावड़, सैनी स्कूल प्रधान सुरेश सैनी, महिला जिला अध्यक्ष रीना शर्मा, गंगेसर गांव की सरपंच सविता, जवाहरा गांव की सरपंच कृष्णा, कैहलपा गांव की सरपंच सोनिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय सरपंच, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।




