वेलकम फाउंडेशन 4 अक्टूबर को गोहाना मे लगाएगा निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद शिविर

गोहाना, (अनिल जिंदल) 25 सितंबर । जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वेलकम फाउंडेशन वेलफेयर सोसाइटी, गोहाना द्वारा ‘नेत्र शक्ति’ प्रोजेक्ट के अंतर्गत निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से शिवाला मस्तनाथ मंदिर, पुरानी सब्जी मंडी, गोहाना में होगा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की जाएगी। मोतियाबिंद सहित आंखों से संबंधित विभिन्न रोगों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। जांच के दौरान मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाए जाने वाले मरीजों को आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. अरविंद शर्मा, माननीय कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं डॉ. गुरप्रीत सिंह गरचा, एम.बी.बी.एस., एम.एस. (नेत्र रोग), मोतियाबिंद, लेसिक एवं ग्लूकोमा रोग विशेषज्ञ, मरीजों की नेत्र जांच कर चिकित्सा परामर्श देंगे।
वेलकम फाउंडेशन वेलफेयर सोसाइटी की गोहाना इकाई के अध्यक्ष इन्द्रजीत गोयल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आंखों से संबंधित परेशानी से जूझ रहे लोग इस शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से परिवार के बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिविर में लाकर उनकी आंखों की जांच करवाएं, ताकि समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान एवं उपचार किया जा सके।
शिविर के आयोजन में संस्था के संस्थापक कृष्ण चन्द्र शर्मा, जयबीर कौशिक, रामपाल दहिया, ज्ञानेंद्र रोहिल्ला, जितेंद्र पांचाल, मनजीत भारद्वाज एवं रवि सैनी सहित अन्य सहयोगी सदस्यों का विशेष योगदान रहेगा।
संस्था ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क नेत्र जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाने का आह्वान किया है।




