27 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने किया शिलान्यास
पुरुषों, महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए होगी अलग-अलग सुविधा; मदन लाल ढींगरा पार्क आने वाले नागरिकों को मिलेगा लाभ



गोहाना, 3 सितंबर (अनिल जिंदल)। शहर में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में नगर परिषद गोहाना की ओर से एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मदन लाल ढींगरा पार्क के सामने बनने वाले आधुनिक सार्वजनिक शौचालय परिसर का नगर परिषद चेयरपर्सन श्रीमती रजनी इंद्रजीत विरमानी ने गुरुवार को नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री मुकेश देवगन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
लगभग 27 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक सार्वजनिक शौचालय परिसर में पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर क्षेत्रवासियों के साथ-साथ मदन लाल ढींगरा पार्क में प्रतिदिन आने वाले नागरिकों के लिए भी काफी उपयोगी साबित होगा।
शिलान्यास के अवसर पर चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर परिषद की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ एवं व्यवस्थित शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने से आमजन को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है।
वार्ड पार्षद मुकेश देवगन ने कहा कि मदन लाल ढींगरा पार्क के सामने आधुनिक सार्वजनिक शौचालय बनने से आसपास के दुकानदारों, राहगीरों, क्षेत्रवासियों तथा पार्क में आने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महसूस की जा रही इस आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य है।
कार्यक्रम में नीरज मेहता, परवीन चुघ, सोनू पिपलानी, नितिन, संदीप, परवीन मिगलानी, धाना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नगर परिषद की ओर से शहर में स्वच्छता, जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लगातार गति देने का प्रयास किया जा रहा है। आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी इसी कड़ी का हिस्सा है। नागरिकों का कहना है कि शहर में इस प्रकार की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गोहाना को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा।




