
गोहाना (सोनीपत), 26 जून। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता मनीष ग्रोवर ने बरोदा विधानसभा क्षेत्र के भैंसवाल, कथूरा और बूटाना मंडलों के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और भारत ने विश्व पटल पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है।
यह बैठक कथूरा मंडल के गांव कथूरा स्थित नरवाल भवन में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला भाजपा गोहाना के अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने की। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा के बरोदा हलका से पूर्व प्रत्याशी एवं बीएलए-1 प्रदीप सांगवान द्वारा किया गया।
मनीष ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया गया है और देश को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्णयों ने न केवल देश की आंतरिक मजबूती को बढ़ाया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अनुच्छेद 370 और 15 ए को समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों का भी उल्लेख किया।
जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो अपने संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य और अधिक मजबूती से करें।
वहीं, बरोदा हलका से पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने हरियाणा सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में “बिना खर्ची, बिना पर्ची” के पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जो सुशासन का प्रमाण है।
बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर भलेराम नरवाल, बलराम कौशिक, जगबीर जैन, अशोक सैन, सूरत सिंह, राजेश भावड़, डॉ. राममेहर राठी, सोनू रभड़ा, तकदीर नरवाल, हुकमचंद, पंकज शर्मा, रामनिवास सरपंच, जगदीश भारद्वाज, मंगलीराम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




