Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Nuhपत्रकार संघब्रेकिंग न्यूजहरियाणा

आईटीसी क्लासिक गोल्फ रिसोर्ट में मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित, 11 राज्यों के पत्रकारों ने की सहभागिता

एआई और डीपफेक के दौर में जिम्मेदार पत्रकारिता की अहम भूमिका : राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा

नूंह, 27 जून । तावडू उपमंडल के गांव सराय खाटा स्थित आईटीसी ग्रैंड भारत होटल परिसर के क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिसोर्ट में शुक्रवार को मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अधिवेशन में देश के लगभग 11 राज्यों से संगठन के पदाधिकारी, पत्रकार एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष एवं आयोजक कासिम खान सहित विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। मंच का कुशल संचालन संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज गोयल ने किया।

बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकारिणी के सुदृढ़ीकरण, पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पत्रकारिता की विश्वसनीयता तथा गुणवत्ता बनाए रखने के उपायों पर भी मंथन हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से अधिवेशन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया केवल लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ही नहीं, बल्कि समाज और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि एआई, डिजिटल मीडिया और डीपफेक तकनीक के बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने मीडिया संगठनों से आत्मनियमन को मजबूत करने तथा नई तकनीकों का सकारात्मक उपयोग कर समाज तक तथ्यात्मक और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही डिजिटल इंडिया, यूपीआई और तकनीकी विकास से देश में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ पत्रकारिता जगत को भी मिल रहा है।

इस अवसर पर नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की असली ताकत है। प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय समाज में कानून-व्यवस्था, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन करना प्रत्येक पत्रकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और गलत सूचनाओं से सावधान रहने तथा सत्यापित जानकारी ही जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।

डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त होती हैं, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने नूंह जिले के पत्रकारों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए संवाद को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने हाल ही में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न 84 कोस परिक्रमा और मुहर्रम के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए नूंह को भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला जिला बताया।

कार्यक्रम के दौरान नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन सहित विशिष्ट अतिथियों एवं विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश सांडिल्या ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

इस अवसर पर जाट एजुकेशन सोसायटी, रोहतक के पूर्व अध्यक्ष राज सिंह नांदल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त आई.ए.एस. अधिकारी एवं पूर्व संयुक्त सचिव डी. एस. मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और जनहित के प्रहरी भी हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक ललित शर्मा ने पत्रकारों से संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला समन्वयक रेश्मी बालियान ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है और उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक तथा समान अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महंत श्री नरेश गिरी जी महाराज ने अपना आशीर्वाद सभी को दिया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सोहना विधायक तेजपाल तंवर के सुपुत्र विजय तंवर, विश्व संवाद केंद्र से राजेश शांडिल्य, राष्ट्रीय संयोजक ललित शर्मा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नीरज गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार धर्मपाल धनखड़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांति गौतम, राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सैनी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय शर्मा, नवनियुक्त बिहार प्रदेश संयोजक अमरजीत मौर, सहसंयोजक डॉ धनंजय, यूपी संयोजक मफतलाल अग्रवाल, चंडीगढ़ संयोजक सुरेंद्र वर्मा, पंजाब से गुरविंदर गुर्रा, राजस्थान संगठन मंत्री योगेश जोशी, डॉ रमेश देहराज, पिंगवा सरपंच मनोज कुमार, वकील, आईटीसी से प्रदीप जी सहित अन्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी का आभार कासिम खान ने किया।

इस अवसर पर हरियाणा कार्यकारी अध्यक्ष सुकर्म पाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष उमेश गर्ग, सोमवीर कादयान, मनजीत, रामवतार यादव, प्रवक्ता हिमांशु शर्मा, शाहिद, लियाकत, दीपक सतीजा, नरेंद्र, प्रवीण , यूपी से सुरेश उपमन्यु, ललित अग्रवाल, सहित अनेकों पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!