एसआईआर गतिविधियों को लेकर एईआरओ, सुपरवाइजर व बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण

सोनीपत, 29 जुलाई। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में बुधवार को प्रगति हाल में पोस्ट एसआईआर गतिविधियों के सफल एवं समयबद्ध संचालन के लिए सभी सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ), सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नोटिस जनरेशन, वितरण, निस्तारण, सुनवाई प्रक्रिया तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
एडीसी अजय चोपड़ा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि नोटिस वितरण एवं सुनवाई प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने बताया कि गोहाना विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने का कार्य तेज गति से जारी है। अब तक कुल 1,97,547 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 82.5 प्रतिशत एन्यूमरेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत 03 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
एडीसी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नोटिस वितरण कार्य में और तेजी लाएं। साथ ही, नोटिस जारी करते समय संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवेदन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ के पास जारी किए गए नोटिसों का नवीनतम रिकॉर्ड उपलब्ध होना चाहिए तथा उसकी दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट की जाए।
उन्होंने बताया कि कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए प्रत्येक एईआरओ के साथ दो अतिरिक्त सदस्यों की तैनाती की जाएगी, जिससे नोटिस वितरण एवं सुनवाई प्रक्रिया को और अधिक गति मिल सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी प्रत्येक गतिविधि को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार गोहाना हेमंत, बीडीपीओ डॉ. परमजीत, इलेक्शन कानूनगो पवन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




