शहीद ऊधम सिंह, मुंशी प्रेमचंद एवं गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर बीपीएसएमवी में प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित

खानपुर कलां, 30 जुलाई। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद ऊधम सिंह, हिंदी के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद तथा भक्ति काल के अमर कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को इन महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराना तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया गया। साथ ही छात्राओं को विश्वविद्यालय की अनुशासन, उत्कृष्टता एवं नैतिक मूल्यों की परंपरा के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. मूर्ति मलिक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शहीद ऊधम सिंह के अदम्य साहस और देशभक्ति, मुंशी प्रेमचंद के साहित्य में निहित सामाजिक चेतना तथा गोस्वामी तुलसीदास के आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रो मलिक ने छात्राओं को विषयों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वाध्याय, अनुशासन और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का सकारात्मक एवं जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने तीनों महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. कमल एवं डॉ. सुकृति भी मौजूद रहे।




