सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस : एडीसी अजय चोपड़ा
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ की बैठक


-विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छता, डिजिटल संसाधन एवं शिक्षण व्यवस्था की नियमित निगरानी के दिए निर्देश
सोनीपत, 13 जुलाई। हरियाणा सरकार एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अतिरिक्त उपायुक्तों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने सोमवार को अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, डिजिटल संसाधनों, शिक्षण व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक सरकारी विद्यालय में विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें तथा निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यशील शौचालय, स्वच्छ पेयजल, चारदीवारी, जलभराव की समस्या के समाधान तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए। जहां कहीं भी किसी प्रकार की कमी पाई जाए, उसका शीघ्र समाधान कराया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को असुरक्षित भवन में बैठने के लिए मजबूर न किया जाए। यदि कोई भवन जर्जर अथवा उपयोग के लिए असुरक्षित है तो उसकी रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर, शौचालय, पानी की टंकियों, खेल मैदान, पेड़ों की छंटाई तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का नियमित निरीक्षण किया जाए।
बैठक में विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर, टैबलेट सहित अन्य डिजिटल संसाधनों के रखरखाव एवं उपयोग की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करें तथा विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अनुशासन पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, नितिन शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




