गोहाना को स्वच्छ बनाने में डैरी संचालक निभाएं सक्रिय भूमिका : एसडीएम अंकित कुमार
एक सप्ताह में 6×6 फीट का गड्ढा तैयार करें डैरी संचालक, लापरवाही पर होगा जुर्माना व कानूनी कार्रवाई


गोहाना(सोनीपत), 5 अगस्त। उपमंडल अधिकारी अंकित कुमार ने बुधवार को गोहाना के सभी डैरी संचालकों की बैठक लेकर शहर की स्वच्छता एवं सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोहाना को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में प्रत्येक डैरी संचालक की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करना चाहिए।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी डैरी से गोबर अथवा अन्य अपशिष्ट सीधे शहर के सीवरेज में नहीं जाना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक डैरी संचालक अपनी डैरी परिसर में 6×6 फीट का गड्ढा (पिट) तैयार करे, ताकि उसमें गोबर एवं अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्रित हो सकें और छानने के बाद ही अपेक्षाकृत स्वच्छ पानी सीवरेज में पहुंचे। इससे सीवर जाम होने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा तथा शहर की स्वच्छता भी बनी रहेगी।
उन्होंने सभी डैरी संचालकों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने परिसर में गड्ढा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर परिषद एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर नियमित निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य की प्रगति का आकलन किया जा सके।
एसडीएम अंकित कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में गड्ढा तैयार नहीं करने अथवा स्वच्छता संबंधी निर्देशों की अनदेखी करने वाले डैरी संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और इस संबंध में विशेष अभियान चलाकर सख्ती से नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार हेमंत, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अधिकारी नवीन गोयत, सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी सहित सभी संबंधित डैरी संचालक उपस्थित रहे।




