हरियाणा के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: निःशुल्क होम-स्टे प्रशिक्षण से मिलेगा स्वरोजगार का नया रास्ता
सोनीपत, 05 अगस्त। युवा उद्यमिता एवं सशक्तिकरण विभाग, हरियाणा द्वारा होटल प्रबंधन संस्थान, गुरुग्राम के माध्यम से युवाओं के लिए निःशुल्क होम-स्टे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को किचन संचालन, खाद्य एवं पेय सेवा, हाउसकीपिंग, अतिथि सत्कार, स्वच्छता एवं हाइजीन, संचार कौशल तथा होम-स्टे के संचालन एवं प्रबंधन का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पात्र अभ्यर्थी हरियाणा पर्यटन विभाग के नियमानुसार अपने होम-स्टे का पंजीकरण कर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं को रोजगार के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में उद्यमी बनने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। इसके लिए पात्रता इस प्रकार रहेगी। अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है। 31 जुलाई तक आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए। यह पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण रहेगा। इस प्रशिक्षण के लिए किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र 16 अगस्त तक कार्यालय समय में प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत के कार्यालय में जमा करा सकते है।




