जल झूलनी डोला शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धा, डॉ. रीटा शर्मा बोलीं, गोहाना मेरे लिए शहर नहीं, मेरा परिवार
भगवान वामन के चरणों में की गोहाना परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में भी की शिरकत


रीटा शर्मा बोली, धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का मजबूत माध्यम
गोहाना, 22 सितंबर। भगवान श्री विष्णु के वामन अवतार के पावन अवसर पर गोहाना में आयोजित जल झूलनी डोला भव्य शोभायात्रा में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा की धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा ने शोभायात्रा में शिरकत कर भगवान श्री वामन के चरणों में शीश नवाया और गोहाना क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने गोहाना में आयोजित कई अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी पहुंचकर लोगों से आत्मीय मुलाकात की। श्री सनातन धर्म मंदिर शिवाला मस्तनाथ समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि गोहाना उनके लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि परिवार है। यहां के बुजुर्गों का आशीर्वाद, माताओं-बहनों का स्नेह और बच्चों का अपनापन उन्हें हमेशा अपने परिवार के बीच होने का अहसास कराता है, गोहाना में किसी धार्मिक, सामाजिक या पारिवारिक आयोजन में पहुंचने पर उन्हें ऐसा लगता है जैसे वह अपने ही परिवार के उत्सव में शामिल हुई हैं।
डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि भगवान वामन का जीवन विनम्रता, त्याग, वचन और सेवा भाव का संदेश देता है। मनुष्य की महानता पद, धन या वैभव से नहीं, बल्कि उसके संस्कार और व्यवहार से तय होती है। जल झूलनी डोला शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और संस्कारों की ऐसी यात्रा है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ती है।
उन्होंने माताओं-बहनों का आह्वान किया कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़े रखें। परिवार से मिले संस्कार ही बच्चों को जीवन में सही दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में जब 36 बिरादरी के लोग मिलकर सेवा करते हैं तो सामाजिक भाईचारा और अधिक मजबूत होता है। डॉ. रीटा शर्मा ने श्री सनातन धर्म मंदिर शिवाला मस्तनाथ समिति के पदाधिकारियों के साथ भगवान गोयल, कमलेश गोयल, सुनील मेहता, नीलम मेहता, संजय जैन, संजय महेंदरत्ता, सुमित मित्तल तथा आयोजन में सेवा दे रहे सभी लोगों की सराहना की। उन्होंने शोभायात्रा के मार्ग पर स्वागत, प्रसाद और सेवा की व्यवस्था करने वाले धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों का भी आभार जताया।
दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचीं डॉ. रीटा शर्मा
इस दौरान डॉ. रीटा शर्मा ने शहर में आयोजित कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। अलग-अलग स्थानों पर उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया, महिलाओं और स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा आयोजकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गोहाना के लोगों से उनका रिश्ता केवल सार्वजनिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के परिवारों के सुख-दुख और धार्मिक-सामाजिक अवसरों से जुड़ना उन्हें आत्मीय अनुभूति देता है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रीटा शर्मा ने भगवान श्री वामन से प्रार्थना करते हुए कहा कि गोहाना के हर घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे, बुजुर्ग स्वस्थ रहें, माताओं-बहनों के चेहरों पर मुस्कान बनी रहे और बच्चे शिक्षा व संस्कारों के बल पर आगे बढ़कर अपने परिवार तथा गोहाना का नाम रोशन करें।



