Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Uncategorized

ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप का भव्य आगाज

रोहतक / गुरुग्राम / दिल्ली कैंट,(अनिल जिंदल ) 31 अगस्त। 5 हरियाणा बटालियन एनसीसी, गुरुग्राम एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रोहतक के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (एआईटीएससी)-2026 का दिल्ली कैंट में भव्य शुभारंभ हो गया। 31 अगस्त से 11 सितंबर तक चलने वाले 12 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर एवं प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों और एनसीसी निदेशालयों से पहुंचे 1564 कैडेट सैन्य कौशल, शारीरिक क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में सीनियर डिवीजन के 884 कैडेट तथा सीनियर विंग की 680 महिला कैडेट भाग ले रही हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कैडेटों के बीच विभिन्न सैन्य एवं कौशल आधारित स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली कैंट पहुंचे कैडेटों का शिविर परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभी कैडेट बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ उत्साह और जोश से लबरेज नजर आए।

डायरेक्टर जनरल एनसीसी, लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, वाईएसएम, एसएम, वीएसएम,तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शिविर की प्रशिक्षण, अनुशासन, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।

शिविर की व्यवस्थाओं में ब्रिगेड ट्रेनिंग के ब्रिगेडियर तरुण नरूला सहित अनेक अधिकारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। थल सैनिक प्रतियोगिता के ऑफिसर-इन-चार्ज एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रोहतक के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश शिविर की विभिन्न गतिविधियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

महिला कैडेटों के लिए विशेष प्रबंध

शिविर में सीनियर विंग की महिला कैडेटों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उनके रहने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी शिविर परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं।

शिविर के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन, सुरक्षा, प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं के संचालन की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों और प्रशिक्षण स्टाफ को सौंपी गई है।

मैप रीडिंग से फायरिंग तक दिखाएंगे हुनर

ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप के दौरान कैडेट कई चुनौतीपूर्ण सैन्य एवं कौशल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इनमें लाइन एरिया से संबंधित प्रतियोगिताएं, मैप रीडिंग, सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियां, फायरिंग एवं निशानेबाजी, टेंट पिचिंग, बैनर प्रतियोगिता सहित सामूहिक और व्यक्तिगत सैन्य कौशल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेटों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का परीक्षण किया जाएगा।

ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप एनसीसी कैडेटों के लिए देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता आयोजनों में शामिल है। ऐसे शिविर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और एनसीसी निदेशालयों से आए कैडेटों को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और कार्यशैली को समझने का अवसर मिलता है। इससे राष्ट्रीय एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूती मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!