Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Educationप्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में वन महोत्सव का आयोजन

मुख्य अतिथि मनीष ट्री ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल के लिए किया प्रेरित

सोनीपत, 31 अगस्त। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत में सोमवार को वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मनीष ट्री ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 60 फलदार एवं छायादार पौधे संस्थान को दान में दिए तथा संस्थान में वायरमैन एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के छात्र-छात्राओं को पौधे गोद दिए गए, ताकि वे उनकी नियमित रूप से देखभाल कर सकें।

मुख्य अतिथि मनीष ट्री ने छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण एवं पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों का उचित उपयोग दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ये वातावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सहायक होने के साथ-साथ तापमान को नियंत्रित करने, वर्षा चक्र को बनाए रखने, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा जैव-विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण का आधार बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के स्टाफ सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के स्टाफ सदस्यों, छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने “पेड़ लगाएं पर्यावरण बचाएं”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मेजर संजय श्योराण, सुरेश ढांडा, सुरेन्द्र कुमार, दीपक मनचंदा, जगवीर राणा, प्रदीप, हरदीप, सुनील कुमारी सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!