जनसेवा सर्वोपरि, अधिकारी आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए शिकायतों का समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ करें समाधान- शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
शिक्षा मंत्री ने जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में 16 शिकायतों की सुनवाई करते हुए 8 मामलों का मौके पर ही किया समाधान, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, पांच मामलों में विधायकों की अध्यक्षता में गठित की गई कमेटियां


सोनीपत,(अनिल जिंदल) 07 अगस्त। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आमजन की सेवा करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें तथा किसी भी कार्य के लिए कार्यालय आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाना, बल्कि समयबद्ध तरीके से न्याय और राहत प्रदान करना है।
शिक्षा मंत्री शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतों की एक-एक कर गंभीरता से सुनवाई की। इनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष 08 मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में उन्होंने पांच शिकायतों के निवारण के लिए विधायकों की अध्यक्षता में कमेटी नियुक्त की ताकि जल्द से जल्द शिकायतों का निवारण हो सके। इस दौरान गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की गैर कानूनी तरीके से पैतृक संपति को हटपने से संबंधित शिकायत की जांच करने के लिए राई से विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत से विधायक निखिल मदान, विधायक खरखौदा पवन खरखौदा की अध्यक्षता में कमेटी नियुक्त की, जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त व चार ग्रीवेंश सदस्यों को भी शामिल किया और कहा कि अगली बैठक तक रिपोर्ट सौंपे।
इस दौरान अखंड हिन्दू स्वाभिमान के अध्यक्ष मनीष की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विधायक निखिल मदान व डीसीपी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की और खान कालोनी में अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव प्रीतमपुरा निवासी अनिकेत की गली पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायत पर डीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे तहसीलदार के साथ मिलकर इसकी जांच करें और गली से अवैध कब्जे को हटवाएं। इसके अलावा गांव बाघडू निवासी दीपचंद ने शिकायत दी की एक निजी कंपनी द्वारा खुले में गंदा पानी छोड़ा जा रहा है और वायु प्रदूषण किया जा रहा है। इसपर कार्रवाई करते हुए उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को निर्देश दिए कि वहां जाकर जांच करें और कंपनी मालिक को नोटिस दें कि वे सरकार द्वारा बनाए गए नियमों पर ही कार्य करें अन्यथा कार्रवाई करें।
बैठक में गांव राठधाना निवासी जगवंत सिंह ने शिकायत दी कि किसी दिल्ली निवासी व्यक्ति ने नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे पैसे लिए और वे वापिस नहीं दे रहा तो इसपर शिक्षा मंत्री ने विधायक निखिल मदान और ग्रीवेंश मेंबर को जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक लें और लोगों को उनसे संबंधित हो रही समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके समाधान का रास्ता निकालें।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को सरल, सुलभ और समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और जनता के विश्वास को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।
इस मौके पर विधायक राई कृष्णा गहलावत, विधायक सोनीपत निखिल मदान, विधायक खरखौदा पवन खरखौदा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक, निशांत छोक्कर, नीरज ठरू, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा सहित संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।




