रक्तदान महादान है, रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम – कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में जिला जेल सोनीपत में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, 90 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान


-कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया शिविर का शुभारंभ, जिला जेल परिसर में मंत्री एवं मेयर राजीव जैन ने किया पौधारोपण
सोनीपत, 16 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिला जेल सोनीपत में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सिविल सर्जन, सोनीपत के सहयोग से किया गया, जिसमें जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा अन्य सामाजिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 90 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ सोनीपत के मेयर राजीव जैन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम मे मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा के द्वारा जेल परिसर पहुंचने पर जेल के जवानों के द्वारा गार्ड आफ ओनर देकर सम्मानित किया गया। दोनों अतिथियों ने जिला जेल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र व बैच पहनाकर सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, रक्तदान महादान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के शिविरों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान मानवता की सच्ची सेवा का उदाहरण है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक राजेन्द्र सिंह, डाॅ. भानू व अन्य जेल प्रशासन, पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।




