Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Gohanaटॉप न्यूज़राजनीतिलोकल न्यूज़हरियाणा

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का लिखा गया नया अध्याय-डॉ. अरविंद शर्मा

सहकारिता मंत्री ने विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम में केंद्रीय योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

-प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए सहकारिता मंत्री ने लोगों को प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए योजनाओं का लाभ उठाने का किया आह्वान

-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 12 साल की उपब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरल केन्द्र में आयोजित किया गया विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 16 जून। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारते हुए सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, कृषि, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल तकनीक और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 12 वर्षों की उपब्धियों को जन-जन तक पहुचांने के लिए मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केन्द्र में विशेष जनसंपर्क कार्र्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

सहकारिता मंत्री ने प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन करते हुए नागरिकों को आह्वान किया कि वे प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। इससे पहले उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अंत्योदय के संकल्प को साकार करने में सफल रही सरकार

सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ० अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अवधारणा को वास्तविक धरातल पर उतारते हुए करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, श्रमिकों, व्यापारियों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किए हैं। सरकार ने हर वर्ग के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व विकास

सहकारिता मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, रेलवे, हवाई सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। देशभर में आधुनिक सडक़ नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, नए एयरपोर्ट और रेलवे परियोजनाओं ने विकास को नई गति प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर भारत के विकास का नया केंद्र बनने जा रहा है। किसानों की भूमि अधिग्रहण के बाद उनके सम्मान में पहली हवाई यात्रा करवाना सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण है। यह दर्शाता है कि विकास के साथ-साथ किसानों के सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

ऐतिहासिक निर्णयों ने मजबूत किया राष्ट्र

सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा-370 और 35ए को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोडऩे का ऐतिहासिक कार्य किया गया।

इसके अलावा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करना और करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण जैसे निर्णय देश की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और आज विश्व मंच पर भारत एक सशक्त एवं निर्णायक नेतृत्व के रूप में स्थापित हुआ है।

विश्व पटल पर बढ़ा भारत का सम्मान

डॉ. शर्मा ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को सम्मान की दृष्टि से देख रही है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रभावशाली भूमिका देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हर वर्ग के लिए बनी योजनाएं

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल ईंजन की सरकारों ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे, गरीबों को आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य कर रही हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रही हैं।

विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। नागरिकों को सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र लोगों तक उसका लाभ पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।

डॉ. शर्मा ने लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत बनाने में सहभागी बनें।

पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत एवं जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूप में देश को ऐसा सशक्त नेतृत्व मिला है जिसके कारण देश आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग किसान, गरीब, युवा, महिला, व्यापारी एवं श्रमिक के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सोनीपत सहित पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो और हवाई संपर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसानों के हित में लागू की गई नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा प्रदेश है जहां 24 फसलों पर एमएसपी देने का कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि आज यहां जो सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी लगाई गई वो अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि आज की युवा पीढ़ी ने 12 वर्ष पहले के भारत की स्थिति नहीं देखी है, इसलिए उन्हें यह बताना आवश्यक है कि देश की दिशा और दशा में किस प्रकार सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान किस तरह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा है। यही कारण है कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में लगातार बढ़ा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस मौके पर नगर परिषद के चेयरपर्सन मोनिका दहिया, उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीईओ जिला परिषद डॉ० अनमोल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, शुगर मील गोहाना की एमडी अंकिता वर्मा, नगराधीश सिमरन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!