Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

जिले के निर्यात को नई पहचान दिलाने के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य-अतिरिक्त उपायुक्त अजय चौपड़ा

जिला निर्यात संवर्धन समिति (डीईपीसी) की पहली बैठक आयोजित, ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुआ मंथन, बैठक में औद्योगिक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने, नए निर्यातकों को प्रोत्साहित करने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर दिया गया जोर

सोनीपत, 24 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जिले की विशिष्ट औद्योगिक एवं पारंपरिक उत्पाद क्षमता को पहचान देकर उसे वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सोनीपत औद्योगिक दृष्टि से देश के अग्रणी जिलों में शामिल है और यहां निर्मित उत्पादों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास करें।

अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रगति हॉल में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब (डीईएच)’ पहल के तहत जिला निर्यात संवर्धन समिति (डीईपीसी) की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के निर्यात को नई गति देने, स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने तथा निर्यात से जुड़े उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि जिला निर्यात संवर्धन समिति केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह उद्योगों, सरकारी विभागों और वित्तीय संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इससे स्थानीय उद्यमियों को निर्यात संबंधी समस्याओं का समाधान, आवश्यक मार्गदर्शन तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि सोनीपत देश के उन प्रथम 120 जिलों में शामिल है, जिन्हें ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब’ योजना के प्रथम चरण में चयनित किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य जिले के निर्यात को बढ़ावा देना, नए निर्यातकों को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है।

औद्योगिक उत्पादों को बनाया गया जिले का प्रमुख निर्यात क्षेत्र

बैठक के दौरान जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के संयुक्त निदेशक हितेंद्र कादियान ने बताया कि सोनीपत जिले के लिए औद्योगिक उत्पादों (इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स) को प्रमुख निर्यात क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले के औद्योगिक उत्पादों के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच निर्यात संबंधी आंकड़ों एवं सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक निर्यातकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और जिले के निर्यात को नई गति प्राप्त हो।

सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान

जिला एमएसएमई केंद्र, सोनीपत के संयुक्त निदेशक महेंद्र ने हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि निर्यातकों को फ्रेट असिस्टेंस, क्वालिटी सर्टिफिकेशन तथा मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (एमडीए) जैसी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उत्पादों की गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने का आह्वान किया।

निर्यात की वर्तमान स्थिति और संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में प्रेरणा ने जिले की वर्तमान निर्यात स्थिति, भविष्य की संभावनाओं तथा निर्यात क्षेत्र के समक्ष मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके उपरांत विभिन्न औद्योगिक संगठनों एवं निर्यातक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव साझा किए तथा जिले के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की।

ईसीजीसी, एक्सिम बैंक और एलडीएम ने दी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी

बैठक में जीएसटी विभाग, एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (ईसीजीसी), एक्सिम बैंक तथा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विभागों द्वारा निर्यातकों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं, बीमा कवर तथा अन्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि इन संस्थाओं के सहयोग से जिले के नए एवं वर्तमान निर्यातकों को बेहतर वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आपसी समन्वय से जिले के निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लिया संकल्प

बैठक के अंत में सभी विभागों, उद्योग संगठनों तथा संबंधित संस्थाओं ने आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करते हुए सोनीपत जिले के निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला एमएसएमई केंद्र, सोनीपत के औद्योगिक विस्तार अधिकारी राहुल, मोहित, विक्रम एवं दीपक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि तथा निर्यातक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!