गोहाना विधानसभा क्षेत्र के बड़ौता, खेड़ी दमकन व पिनाना में पहुंचकर एडीसी ने किया एसआईआर कार्य का निरीक्षण
एसआईआर-2026 के अंतर्गत 14 जुलाई तक चल रहे एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन व डिजिटाइजेशन के कार्य में सहयोग करें मतदाता- एडीसी अजय चोपड़ा

कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ होगी कार्रवाई
सोनीपत, 03 जुलाई। 32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने गोहाना क्षेत्र के मतदाताओं का आह्वïान किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत चल रहे एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन कार्य में सभी सहयोग करें ताकि कोई यह कार्य समय पर पूरा हो सके और कोई भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा के लिए ने शुक्रवार को बड़ौता, खेड़ी दमकन तथा पिनाना गांव का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित बीएलओ से प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार 14 जुलाई तक एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कार्य में कोताही बरती गई तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें तथा गणना प्रपत्र भरवाने और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, इसलिए प्रत्येक बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से वंचित न रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि एन्यूमरेशन फार्म प्राप्त होने के साथ ही उनका समयबद्ध डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने सुपरवाइजरों को भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण करें तथा बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।




