समाधान शिविर जिला प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम -एडीसी अजय चोपड़ा
अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ समाधान शिविर, प्राप्त हुई 15 शिकायतें


-सभी विभागाध्यक्षों को एडीसी ने दिए शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश, कब्जा हटवाने, परिवार पहचान पत्र ठीक करवाने, रोड की हालत दुरूस्त करवाने बारे जैसी प्राप्त हुई शिकायतें
सोनीपत, 27 जुलाई। समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना व समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से गांव आंवली से हैप्पी कार्ड बनवाने एवं फैमली आईडी में वार्षिक आय कम करवाने, इंदिरा कॉलोनी सोनीपत से शिकायतकर्ता ने उसकी कबाड़ी की दुकान में आग लगने से हुए नुकसान होने पर आर्थिक सहायता दिलवाने, राजीव कॉलोनी वार्ड नंबर-4 से एचएसवीपी की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने, जटवाड़ा पुलिस लाइन के पीछे रेलवे ब्रिज से गोहाना बाईपास रोड की लंबे समय से खराब स्थिति को दुरुस्त करवाने, सेक्टर-14 सोनीपत से शिकायतकर्ता ने अपने प्लॉट की निशानदेही करवाने जैसी शिकायतें शामिल रहीं।
अन्य शिकायतों में आदर्श नगर से प्रॉपर्टी आईडी में नाम, मोबाइल नंबर ठीक करवाने, गढ़ शहजानपुर वार्ड नंबर 6 से शिकायतकर्ता ने प्रॉपर्टी आईडी में गलत नाम ठीक करवाने तथा वास्तविक मालिकों के नाम अपडेट करने की शिकायत शामिल रही। शिविर में इसके अतिरिक्त परिवार पहचान पत्र और पेंशन से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई । सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जिला प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
इस दौरान एसीपी अमित, डीआरओ सुशील शर्मा, तहसीलदार कीर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



