Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Healthप्रशासनबीजेपीब्रेकिंग न्यूजराजनीतिसोनीपत

सेवा सेतु कैंप के माध्यम से पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता – मोहनलाल बडोली

सेवा संकल्प अभियान: सेवा सेतु कैंप में 20 विभागों ने लगाए स्टॉल, पात्र नागरिकों को मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ

-हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बडोली ने किया विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर करवाई स्वास्थ्य जांच

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल ‘सेवा सेतु’ के तहत बीडीपीओ कार्यालय मुरथल में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बडोली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं और नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर अपने स्वास्थ्य की जांच भी करवाई।

विशेष कैंप में लगभग 20 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागों द्वारा पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पात्र नागरिकों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने में भी सहयोग प्रदान किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।

हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बडोली ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित कैंपों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति उनका लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में सेवा सेतु कैंप के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कैंप में पात्र नागरिकों का मौके पर ही पंजीकरण किया जा रहा है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी कहा कि कैंप में आने वाले प्रत्येक नागरिक को उसकी पात्रता के अनुसार सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए और आवेदन व पंजीकरण की प्रक्रिया में पूरा सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे ऐसे विशेष कैंपों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक अपनी आवश्यकतानुसार संबंधित विभाग के स्टॉल पर जाकर जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता पूरी होने पर मौके पर ही पंजीकरण करवाकर योजनाओं का लाभ उठाएं।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता आजाद सिंह सिंह नेहरा, बीडीपीओ राजेश तिवाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!