श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की हांसी जिला इकाई का हुआ गठन
अजय शर्मा जिला अध्यक्ष,विजय सैनी जिला महासचिव व हवा सिंह चहल जिला संरक्षक हुए नियुक्त



चंडीगढ़/हांसी, 28 जुलाई। जिला हांसी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन के सम्मान में स्थानीय पत्रकारों द्वारा जिलास्तरीय स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए डॉ. इंदु बंसल जैन का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी सदैव महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी पत्रकारों से एकजुट होकर निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहित की पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हांसी जिले के पत्रकारों की अनुशंसा पर श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने हांसी जिले के वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा को हांसी जिला इकाई का जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार हवा सिंह चहल को जिला संरक्षक तथा वरिष्ठ पत्रकार विजय सैनी को जिला महासचिव नियुक्त किया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अजय शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व व संघ की संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को जिले में और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर चलने का कार्य करेंगे। वहीं जिला संरक्षक हवा सिंह चहल एवं जिला महासचिव विजय सैनी ने भी संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए पत्रकार हितों के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम जिंदल, लाली गौतम, संदीप रामायण,राज विमल, युवा पत्रकार अजय कौशिक, राममेहर, देवांश गोयल, कृष्ण माजरा, पूनम बौद्ध नरेश कुमार ,अनिल कुमार, अजीत व जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित पत्रकार साथियों ने माननीय प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन का हांसी आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की हांसी जिला इकाई पत्रकार हितों की आवाज़ को मजबूती के साथ बुलंद करेगी तथा संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।




