एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बीपीएसएमवी में पौधारोपण, रजिस्ट्रार प्रो. शिवालिक यादव ने किया सभी से वृक्ष लगाने का आह्वान
खानपुर कलां, 30 जुलाई। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. शिवालिक यादव ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में प्रो. शिवालिक यादव ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी माँ के सम्मान के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश देता है। उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसएस समन्वयक डॉ. परविंदर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेविकाओं, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाना तथा छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।




