Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
S I Rचुनाव विभागप्रशासनब्रेकिंग न्यूजराईसोनीपत

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

एएसडीडी सूची के सत्यापन, दावे-आपत्तियों तथा मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करवाने को लेकर दी गई विस्तृत जानकारी

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 13 अगस्त। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 29-राई में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण को लेकर निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) एवं डीडीपीओ मनीष मलिक की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान की जा रही गतिविधियों, मतदाता सूचियों के सत्यापन तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण के दौरान अपनाई जा रही प्रक्रिया के बारे में अवगत करवाया गया। विशेष रूप से एएसडीडी सूची के संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि एएसडीडी मतदाताओं के सत्यापन एवं जांच कार्य में बीएलओ की भूमिका महत्वपूर्ण है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी इस कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।

बैठक में फॉर्म-9, फॉर्म-10 एवं फॉर्म-11 से संबंधित प्रक्रिया तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे अपने स्तर पर पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने तथा आवश्यक दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत करने के लिए जागरूक करें।

ईआरओ एवं डीडीपीओ मनीष मलिक ने बताया कि 01 जुलाई, 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए विशेष रूप से जागरूकता एवं प्रोत्साहन पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 17 एवं 18 अगस्त को विशेष अभियान भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ निर्धारित स्थानों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने तथा संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने का कार्य करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं विचार भी प्रस्तुत किए गए। निर्वाचन पंजीयन अधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अंत में डीडीपीओ मनीष मलिक ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलओ तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!