नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा बाइक या अन्य वाहन चलाकर स्कूल जाने के मामलों में माता-पिता/अभिभावकों पर होगी सख्त कार्रवाई – एडीसी
एडीसी अजय चोपडा की अध्यक्षता मे आयोजित हुई जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की मासिक बैठक, 28 एजेंडा बिंदूओं पर हुई अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा



-एडीसी ने सोनीपत-बहालगढ रोड पर गड्ढे भरवाने के दिए निर्देश, शहर में अतिक्रमण को रोकने के लिए सड़कों पर पीली व सफेद पट्टी लगाने के एमसी को निर्देश
सोनीपत, 31 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने बैठक की अध्यक्ष्ता करते हुए कहा कि नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा बाइक या अन्य वाहन चलाकर स्कूल आने के मामलों में उनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल बसों की चेकिंग के लिए संयुक्त टीमें बनाई जाएं, जिनमें आरटीए विभाग, संबंधित एसडीएम तथा जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हों। उन्होंने निजी कैब क्राउडिंड पाए जाने पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश।
लघु सचिवालय में सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 28 एजेंडा बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कि गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीसी अजय चोपड़ा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीसवांमील चौक पर अतिक्रमण को तुरंत हटवाया जाए। उन्होंने कहा कि चौक पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्लिप रोड बनाने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और वाहन चालकों को राहत मिले। एनएच -44 के साइड में फुटपाथ बनाने के लिए फिजीबिलिटी चेक करवाने के भी निर्देश दिए गए।
एडीसी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगी सभी ग्रिलों की जांच करवाकर उन्हें दुरुस्त किया जाए। कहीं भी सड़क किनारे ग्रिल टूटी हुई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एफओबी का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर एफओबी का निर्माण नहीं किया जाना है, वहां रंबल स्ट्रिप, साइन बोर्ड तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एफओबी का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करवाकर उन्हें संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को आरटीए एवं एनएचएआई के अधिकारी संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान ब्लैक स्पॉट, तथा नालों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर समन्वय से उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। एडीसी ने एनएचएआई को नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जलभराव व अतिक्रमण की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई
जिला में राष्ट्रीय राजमार्गों पर जलभराव की समस्या को लेकर एडीसी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों से संबंधित समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुभाष चौक से कच्चे क्वार्टर के बीच संभावित पार्किंग व्यवस्था को मौके पर जाकर जांचा जाए। साथ ही नगर निगम शहर में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाए। शहर में अतिक्रमण रोकने के लिए सड़कों पर पीली एवं सफेद पट्टियां लगाने के निर्देश भी दिए गए।
एडीसी ने एनएचएआई क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या की भी जानकारी ली। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में टेंडर लगाया जा चुका है। एडीसी ने तब तक रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने गार्बेज डंपिंग प्वाइंट्स पर जमा कचरे को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार क्रेन लगाकर कचरे को जल्द से जल्द हटाया जाए।
नालों की समस्या के समाधान के लिए संयुक्त बैठक के निर्देश
एडीसी ने पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम के अधिकारियों को नालों से संबंधित समस्याओं पर संयुक्त बैठक करने तथा अगली बैठक तक एक निश्चित समाधान पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों को शहर में अवैध रूप से लगाए गए विज्ञापन पोल हटाने तथा लाइट एवं कैमरों से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को सोनीपत-बहालगढ़ रोड पर हुए गड्ढों को भरवाने के निर्देश दिए गए, एचएसवीपी अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित सड़कों की लाइटें दुरुस्त करवाने तथा पेड़ों की आवश्यक कटाई-छंटाई करवाने के निर्देश दिए गए।
म्हारी सड़क ऐप की शिकायतों का जल्द करें समाधान
बैठक में ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों पर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अनावश्यक पेंडेंसी न रखी जाए।
एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को केएमपी टोल पर अतिक्रमण एवं अन्य अवरोध हटाने तथा सभी टोल लेनों को चालू करवाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन दिनों में सभी लेनों को संचालित करवा दिया जाएगा। एडीसी ने कार्य में तत्परता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
केजीपी के आसपास शराब की दुकान के संबंध में भी निर्देश दिए गए कि दुकानें सड़क से सीधे दिखाई न दें तथा नियमानुसार आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जुलाई में यातायात नियमों के उल्लंघन पर हजारों चालान
बैठक में जुलाई माह के दौरान पुलिस विभाग द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस दौरान ओवरस्पीडिंग के 1617, बिना हेलमेट के 1118, बिना सीट बेल्ट के 527, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के 24, शराब पीकर वाहन चलाने के 21, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के 5, गलत दिशा में वाहन चलाने के 1145 तथा ब्लैक फिल्म के 529 चालान किए गए। वहीं आरटीए विभाग द्वारा जुलाई माह में 242 चालान किए गए।
स्कूल बसों की नियमित जांच के निर्देश
सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत जुलाई माह में 24 स्कूल बसों की जांच की गई तथा 3 बसों के चालान किए गए। एडीसी अजय चोपड़ा ने सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में स्कूल बसों की पूर्ण रूप से जांच सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन प्रशांत कौशिक, एमवीओ सचिन ढुल, डॉ. जितेंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




