शहीद मदन लाल ढींगरा का बलिदान युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत : रजनी विरमानी


गोहाना, 17 अगस्त । महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद मदन लाल ढींगरा जी के शहीदी दिवस के अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी विरमानी एवं पंजाबी महासभा के अध्यक्ष इंदरजीत विरमानी ने मदन लाल ढींगरा पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद मदन लाल ढींगरा के अदम्य साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर रजनी विरमानी ने कहा कि शहीद मदन लाल ढींगरा जी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अमिट योगदान दिया। उनका त्याग, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक देशवासी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनका जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पंजाबी महासभा के अध्यक्ष इंदरजीत विरमानी ने कहा कि मदन लाल ढींगरा जैसे वीर सपूतों के बलिदान के कारण ही देशवासियों में आजादी की भावना और अधिक प्रबल हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा का संदेश देता रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद मदन लाल ढींगरा जी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए राष्ट्रप्रेम और त्याग के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंचनद युवा अध्यक्ष जितेंद्र गेरा, जयेश आहूजा, हैप्पी सरदाना, राकेश मधु, सतीश सरदाना, नीरज मेहता, राजेश हसीजा, सुनील राजपाल, सौरव खुराना, कृष्ण, पार्षद रमेश प्रूथी, विनय बजाज, रजत कपूर, पार्षद मुकेश देवगन, जवाहर धमिजा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में अमर शहीद मदन लाल ढींगरा जी को नमन करते हुए कहा— “अमर शहीद मदन लाल ढींगरा जी अमर रहें। भारत माता की जय!”




